logo

आजसू का आरोप : किताब की जगह हाथों में शराब देने को आमादा है झारखंड सरकार : देवशरण भगत

ajsu_party11.jpg

रांची।

कोरोना के कारण पिछले दो सालों से स्कूल बंद हैं, बच्चों की पढ़ाई बाधित है। झारखण्ड सरकार को सरकारी स्कूलों के बच्चों के घर तक किताब एवं पठन सामग्री पहुँचाने की चिंता नहीं है। कोरोना से उपजे वैश्विक संकटकाल में आज एक ओर कुछ राज्यों ने राशनकार्डधारियों के घर तक राशन पहुँचाने की व्यवस्था की है, वहीं झारखण्ड सरकार शराब की होम डिलीवरी के लिए छत्तीसगढ़ राज्य कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ एमओयू कर रही। इससे यह साबित होता है कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य नहीं बल्कि शराब है। शराब आपके द्वार झामुमो महागठबंधन सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बन गयी है। यह आरोप आजसू पार्टी ने लगाए हैं।

आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा, गुरुजी शिबू सोरेन ने नशामुक्त झारखण्ड की कल्पना की थी, 1932 आधारित स्थानीयता की बात की थी। लेकिन इसके विपरीत हेमंत सरकार घर-घर शराब पहुँचाने में जुटी हुई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सरकार सत्ता के नशे में चूर हो गयी है और विपक्ष की बात तो दूर, गुरुजी की बातों और विचारों को भी दरकिनार कर रही। रांंची स्थित प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह एवं अनुशासन समिति के अध्यक्ष सुबोध प्रसाद भी मौजूद रहे।

पाठशाला ठप, मधुशाला अप

डॉ. देवशरण भगत ने कहा, फिलहाल स्कूल बंद होने की वजह से छात्रों को किताबें वगैरह उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, घर पर कंप्यूटर, इंटरनेट या पर्याप्त संख्या में मोबाइल ना होने के कारण जहां ऑनलाइन पढ़ाई में छात्रों को परेशानियां हो रही हैं, वहीं लड़कों को लड़कियों पर प्राथमिकता दी जा रही है। कोरोना के कारण हुए आर्थिक तंगी के कारण लड़कियों की पढ़ाई छूटने का भी डर शामिल हो गया है। छात्रों के हाथों में किताब, युवाओं को रोज़गार देने के बजाए राज्य सरकार झारखण्ड के भविष्य के हाथों में शराब देने के लिए आमादा है। इस निर्णय से झामुमो सरकार ना सिर्फ राज्य के भविष्य को अंधेरे में डाल रही बल्कि लूट, छिनतई, मर्डर और आपराधिक घटनाओं को बढ़ावा भी देने जा रही।

केंद्रीय सचिवों की लिस्ट जारी की 

दुर्गाचरण महतो एवं नवीन कुमार महतो- बोकारो, अनुप कुमार पांडेय-गिरिडीह, पारसनाथ सिंह एवं जागेश्वर दास- चतरा, बिकेश शुक्ला- पलामू, सिद्धार्थ महतो- प. सिंहभूम, विजय साहू- रामगढ, छवि महतो- सरायकेला, रामलखन प्रसाद- लोहरदगा, तरूण गुप्ता- जामताड़ा एवं राजेंद्र शाही मुण्डा- रांची

 

कर्पूरी ठाकुर को दी गयी श्रद्धांजलि

आजसू पार्टी केंद्रीय कार्यालय में सामाजिक समरसता के प्रतीक, महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक, राजनीतिज्ञ तथा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। उन्हें नमन करते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत के कहा कि कर्पूरी बाबू ने अपमान का घूंट पीकर भी बदलाव की इबारत लिखी। उन्होंने देश में पहली बार किसी राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया। उनके विचार और आदर्श को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।