द फॉलोअप डेस्क
पटना में गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। आलमगंज थाना के भद्र घाट पर सोमवार को बड़ी पटन देवी कॉलोनी से आए 12 से 17 वर्ष के 5 बच्चे गंगा की तेज धार में बह गये। जहां SSB के जवानों के द्वारा तीन बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। लेकिन 2 बच्चे अब तक लापता हैं। 
लापता बच्चों की पहचान बड़ी पटन देवी कॉलोनी निवासी वकील महतो के 16 वर्षीय बेटे शिवम कुमार और रंजन कुमार के 17 साल के बेटे पवन कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की तीन टीमें मौके पर पहुंची हैं और गंगा में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, हालांकि कई घंटे बीतने के बाद भी दोनो बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के बाद से गांव में कोहराम मच गया है वहीं परिवार वालों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। 
आलमगंज थाना प्रभारी ने कहा कि सोमवार की सुबह बड़ी पटन देवी कॉलोनी से 5 बच्चे गंगा स्नान के लिए भद्र घाट आए थे। जहां स्नान के दौरान बच्चे तेज बहाव में फंस गये। किसी तरह तीन बच्चे तो बच गये लेकिन 2 बच्चे बहते चले गये। सुचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।