द फॉलोअप डेस्क
बिहार के सहरसा जिले से आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। जहां 24 वर्षीय मधु कुमारी उर्फ सुप्रिया ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। लेकिन यह हत्या है या आत्महत्या यह संदेह बना हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक जांच की टीम कार्रवाई करने में जुट गई है। वहीं इसके अलावे सास के साथ विवाद को लेकर भी मामले को देखा जा रहा है।
घटना रविवार रात बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के पहलाम वार्ड नंबर 13 की बताई जा रही है। जानकारी के लिए बता दें कि मृतका की शादी चार साल पूर्व स्वर्गीय विजय ठाकुर के पुत्र विभास ठाकुर के साथ हुई थी। विभास पुणे में रहता है और मधु घर पर अपनी सास के साथ रहती थी। जो एक आगनबाड़ी सहायिका है। ग्रामीणों के अनुसार दंपति के शुरुआती एक दो साल के रिश्ते ठीक थे। लेकिन बाद में सास बहु में छोटी छोटी बातों पर विवाद होना शुरू हो गया। जिसके कारण मधु अक्सर परेशान रहने लगी। वहीं रविवार की रात मधु की ननद ने एक पड़ोसी को फोन कर बताया कि वह फोन नहीं उठा रही है। पड़ोसी जब घर पहुंचा तो उसने पाया कि मधु गुलाबी साड़ी कर फंदे बनाकर पंखे से लटकी हुई है।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद बनमा ईटहरी थानाध्यक्ष ज्ञानानंद अमरेंद्र घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस फॉरेंसिक जांच की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन करने में जुट गई है। थानाध्यक्ष ज्ञानानंद अमरेंद्र ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है की यह हत्या का मामला है या आत्महत्या।