बिहार के शेखपुरा जिले में वंदे भारत की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। दरअसल सेमी हाईस्पीड ट्रेन के सामने 2 भैंसें आ गई थी। जिसे बचाने के क्रम में व्यक्ति की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार आज नवादा से क्यूल की ओर जा रही वंदे भारत ट्रेन शेखपुरा जंक्शन पार करने के बाद जखराज स्थान रेलवे फाटक के निकट दो भैंसों से टकरा गई और उसे ही बचाने के क्रम में पशुपालक ट्रेन की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना 11 बजे की है जब 2 भैंसें फाटक को पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरा शव क्षत विक्षत हो गया। व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय यादव के रूप में हुई है। घटना में दोनों भैंसों की भी जान चली गई।
हादसे के बाद पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाक ट्रेन को रोका जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं अचानक ब्रेक लगने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। कुछ तकनीकी जांच के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
हादसे के बाद लोगों में रेलवे को लेकर काफी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना था कि इस रूट में बिना कोई सुरक्षा के ट्रेन को संचालित कर दिया गया। जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।