logo

बिहार : जैश-ए-मोहम्मद को हथियार सप्लाई करता था जेल में बंद कैदी, NIA ने किया गिरफ्तार

HATHIYAR1.jpg

सिवान: 

जेल में सजा काट रहा एक कैदी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद को हथियारों की सप्लाई किया करता था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी को ऐसा शक है। एनआईए को जानकारी मिली थी कि कैदी ने आतंकवादियों को कई 9 एमएम पिस्टल बेची है। मामला बिहार के सिवान का है। यहां सिवान जेल में बंद कैदी इरफान उर्फ चुन्नू बड़हरिया को एनआईए ने अपनी हिरासत में लिया है। 

प्रोडक्शन वारंट के साथ आई थी NIA की टीम
मिली जानकारी के मुताबिक सिवान जेल में बंद इरफान को ले जाने के लिए एनआईए की टीम प्रोडक्शन वारंट के साथ आई थी। इरफान बड़हरिया थानाक्षेत्र अंतर्गत बभनौली गांव में रहने वाले शरीफ मियां का बेटा है। एनआईए को शक है कि इरफान के तार आतंकवादियों से जुड़े हैं। एनआईए की टीम इरफान उर्फ चुन्नू को जम्मू-कश्मीर कोर्ट में पेश करेगी। इरफान पहले से ही आर्म्स एक्ट के मामले में सिवान जेल में बंद है। 

हथियारों की सप्लाई के लिए कुख्यात इरफान
गौरतलब है कि इरफान हथियार सप्लाई के धंधे में लिप्त रहा है। जानकारी मिली है कि उसने जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को भी हथियार की आपूर्ति की थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी को मामले में कई अहम सुराग मिलने की भी खबर है। बीते दिनों सारण जिले से 4 युवकों को एनआईए ने गिरफ्तार किया था। इन पर भी हथियार सप्लाई करने का आरोप था। इसी जांच के दौरान इरफान का नाम आया था।