द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बाढ़ जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां चार महिला कांवरियों को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है वहीं एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। मौके पर बाढ़ थाना पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

तीनों घायल महिलाओं को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेजा गया
मामला बाढ़ थाना अंतर्गत कोणदी सकसोहरा रोड एनएच-30ए के लदमा गांव के निकट का है। जहां शनिवार की रात नौ बजे तेज रफ्तार एक बस ने रांची की चार महिला कांवरियों को कुचल दिया। एक महिला की मौत घटना - स्थल पर ही हो गयी। जबकि तीन महिला गंभीर रूप से घायल हो गयीं। मृत महिला की पहचान रांची निवासी संजय ओझा की 35 वर्षीया पत्नी के रूप में की गयी है। गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीया लीलावती देवी को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया दो अन्य महिलाएं भी घटना में मामूली रूप से घायल हुई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायल महिलाओं को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेजा।

100 लोगों का जत्था भी जल चढ़ाने के लिए जा रहा था
पुलिस ने बताया कि महिलाएं बाढ़ के उमानाथ घाट पर स्नान करने के बाद गंगाजल लेकर बरबीघा (शेखपुरा जिला) के शिवालय में जल चढ़ाने के लिए जा रही थीं, तभी यह घटना हुई महिलाओं के साथ करीब 100 लोगों का जत्था भी जल चढ़ाने के लिए जा रहा था।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT