द फॉलोअप डेस्क
डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुअरा गांव के समीप दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर गुरुवार सुबह एक ट्रैवलर ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। व्यक्ति की उम्र 72 वर्ष बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, वाहन में तमिलनाडु के 24 पर्यटक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं, अन्य घायल हो गए। घायलों को नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमुहार में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा पूछताछ में घायल संजय पाल जो वाराणसी के रहने वाले हैं, उन्होंने बताया कि पर्यटक वाराणसी से गया जा रहे थे।

ट्रैवलर का नंबर यूपी 65 एनटी 5223 बताया गया है। सुबह करीब तीन बजे चालक सोनू पाल को झपकी आ गई। जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को ट्रैवलर से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि मृतक और घायलों के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के परिजन चेन्नई से फ्लाइट द्वारा रवाना हो चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया है। बहरहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।