द फॉलोअप डेस्क
गोपालगंज में दो दोस्तों को रील बनाना भारी पड़ गया। दरअसल रील बनाने के दौरान एक लड़का गंडक नहर में गिर गया और अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। घटना नगर थाना क्षेत्र के तुरकहा रेलवे ट्रैक के पास गंडक नहर की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गोपालगंज के तुरकहा रेलवे ट्रैक के पास दो दोस्त रील बना रहे थे। उसी दौरान अचानक 18 वर्षीय शाहबाज आलम का पैर फिसला और वह गंडक नहर की तेज धार में बह गया। युवक देखते ही देखते नहर की गहराई में समा गया। शाहबाज छपिया वार्ड नंबर 24 का रहने वाला था और अपने दोस्त के साथ घूमने आया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों दोस्त मोबाईल पर रील बना रहे थे उसी दौरान यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और खोजबीन शुरू कर दी। खोजबीन के लिए गोताखोरों की भी मदद ले जा रही है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भी तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने तलाश के लिए SDRF की टीम को बुलाने की मांग की है ताकि लापता युवक की खोजबीन तेजी से हो सके। हादसे के बाद गाँव में मातम छाया हुआ है, वहीं घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है।