logo

BIHAR : मरा मानकर जिसका किया था श्राद्धकर्म, 30 साल बाद जब लौटा तो झूम उठी पत्नी

buxer_vivah.jpg

बक्सर:
बिहार (Bihar) के बक्सर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 30 साल पहले गायब व्यक्ति के अचानक वापस आने से लोग हैरान रह गए। वहीं उस व्यक्ति के परिजन इतने खुश हुए कि उन्होंने  पति-पत्नी की शादी दोबारा करा दी। शादी पूरे रीति रिवाज के साथ संपन्न हुई। महिला बताती है कि उसके परिवार वाले उसपर ही पति को मारने का आरोप लगाते थे। वहीं, वापस आने पर घनश्याम गुप्ता की दिमागी हालत ठीक नहीं होने के कारण वह ठीक से कुछ बता नहीं पा रहा है।


धूमधाम से हुई शादी
मामला कोरानसराय गांव का है। 30 साल बाद जब महिला भी अपने पति को देखकर हैरान रह गई। महिला बताती है कि 30 साल पहले उसका पहले उसका पति काम से घर लौटने के क्रम में गायब हो गया था। काफी खेजबीन के बाद भी नहीं मिलने पर घर वालों ने उसे मृत मानकर उसका  श्राद्ध कर्म कर दिया था। युवक का नाम घनश्याम तेली बताया जा रहा है। वह कोरानसराय निवासी रामवतार साहू का पुत्र है। अचानक 15 जुलाई 2022 को घनश्याम जब अपने गांव पहुंचा तो सभी अचंभित रह गए। बाद में लोगों को जब यकीन हो गया तो परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को दूल्हा-दुल्हन का जोड़ा पहनाकर फिर से शादी करवाई। बैंड बाजा लाया गया और महिलाओं द्वारा मंगल गीत गाकर पूरे गांव को भोज खिलाया गया। 

 जांघ पर तिल से हुई पहचान
इधर पत्नी मुन्नी देवी द्वारा बताया गया हमें थाने से सूचना मिली कि मेरे पति थाने में हैं। जिसके बाद मैंने तुरंत अपने दमाद और बेटे को झांसी थाना भेजा। वहां जाकर बेटे ने मुझे जब वीडियो कॉलिंग पर दिखाया तो मैं पहचान नहीं पाई। बाद में बेटे ने जब उनका दाढ़ी बाल बनवा कर दिखाया तो मैं पहचान गई। मैंने बेटे से कहा कि तुम एक बार देखो कि क्या उनके बाए जांघ पर तिल है। बेटे ने जैसे ही हां कहा मैं खुशी से झूम उठी।  बेटे और दामाद ने कागजी कार्रवाई के बाद उनको थाने से लेकर घर पहुंचे। वहीं, उनके घर पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। तीस साल से गायब शख्स को अचानक देख सभी अचंभित रह गए।

ससुराल वाले खूब ताना दिया
 पत्नी मुन्नी देवी ने आगे कहा कि जब पति गायब हुए थे उस वक्त मेरी उम्र महज 25 साल थी। मेरा एक बेटा और एक बेटी थे वहीं छोटा बेटा गर्भ में था। पति के गायब होने के बाद ससुराल वाले और आसपास के लोगों द्वारा खूब ताना दिया जाता था। कहा जाता था कि मैंने अपने पति का हत्या कर दी है। इन बातों को सुनकर मैं अपने पति को याद कर खूब रोती थी। मेरे पिता ने कहा कि दूसरी शादी कर ले लेकिन मैं नहीं मानी। मैं अपने पति की विधवा बनकर रहने लगी।