बगहा:
बिहार के बगहा में अमेरिकन मछली (American fish) मिली है। बुधवार की सुबह बनचहरी गांव के पास हरहा नदी (Harha river near Banachari village) में यह मछली देखी गयी। मछली पकड़ने के दौरान यह मछली मछुआरे के जाल में फंस गई। जानकारी मिलते ही इसे देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। हैरानी की बात यह है कि ये मछली दक्षिण अमेरिका की अमेजन नदी (Amazon River of South America) में पाई जाती है। ऐसे में इस मछली का यहां मिलने पर एक्सपर्ट्स ने कहा है कि यह नदी के इकोसिस्टम के लिए भी चिंताजनक है।

नदियों के लिए खतरनाक
बगहा के वाल्मिकी टाइगर रिजर्व के साथ वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) और वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फंड (WWF) नाम की संस्थाएं काम कर रही हैं। इनके साथ काम कर रहे लोग भी इस मछली को देखकर हैरत में हैं। WWF के एरिया कोऑर्डिनेटर कमलेश मौर्या ने बताया कि यह चिंता का विषय है। चंपारण की नदियों के लिए यह खतरनाक है। क्योंकि यह मांसाहारी मछली है।
अमेजन नदी में पाई जाती है ये मछली
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ (WWF) के एरिया कोऑर्डिनेटर कमलेश मौर्य और डब्ल्यूटीआई (WTI) के सुब्रत लेहरा ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यह मछली मांसाहारी है और स्थानीय इकोसिस्टम के लिए खतरा भी है। अजीब सी मुंह वाली मछली साउथ अमेरिका के अमेजन नदी में हजारों किलोमीटर दूर पाई जाती है। पर्यावरणविदों की चिंता है कि स्थानीय नदियों के पारिस्थितिकी तंत्र का यह मछली विनाश कर सकती है।

पहला मामला नहीं
बिहार में कैटफिश मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले मई 2021 में गंगा नदी में मिली थी। भागलपुर के कहलगांव में मछली मार रहे मछुआरे के जाल में यह मछली फंसी थी। अलग तरह की मछली फंसने पर मछुआरे उपेंद्र सहनी ने सबको बताया।