द फॉलोअप डेस्क
श्रावण की पहली सोमवारी को भगवान शंकर के जलाभिषेक करने देवकुली धाम जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना शिवहर जिले में मधुबन राष्ट्रीय उच्च पथ के पहाड़पुर पुल के पास की बताई जा रही है। सोमवार की सुबह हुए इस घटना में एक तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक सवार को पूरी तरह से रौंद दिया। जयप्रकाश अपने 2 भाइयों में छोटा था। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। 
मृतक श्यामपुर भटहाँ थाना क्षेत्र के नयागाँव लक्षुटोला निवासी धर्मदेव राय के 21 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश कुमार हैं। बता दें कि युवक अपने पिता के साथ सुपर स्प्लेंडर बाइक से देवकुली धाम के मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहाडपुर पुल से पूरब मोड़ पर धर्मदेव राय शौच के लिए रुके थे। इसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक पर बैठे जयप्रकाश को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। जब तक युवक के पिता शौच से वापस लौटे, बेटे की मौत हो चुकी थी। 
जिसके बाद तत्काल डायल 112 की टीम को कॉल किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जयप्रकाश को प्राथमिक केंद्र इलाज के लिए ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात ट्रक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष कोमल रानी ने बातचीत में कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।