द फॉलोअप डेस्क
बिहार के औरंगाबाद में 18 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र के एक गांव का है जहां मां की डांट से आहत एक छात्रा ने अपना जीवन समाप्त कर लिया। छात्रा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, बारुण में पढ़ाई करती थी और छुट्टी मनाने अपने घर आई थी। इसी क्रम में सुबह देर से उठने पर मां की डांट से नाराज होकर उसने ये कदम उठा लिया। 
बताया जा रहा है कि मृतका पांच दिन पहले कस्तूरबा विद्यालय से छुट्टी लेकर अपने घर आई थी। और इस दौरान अपनी बुआ के प्रसव में मदद के लिए सासाराम गई थी सोमवार की शाम वह वहां से लौटी और रात में सारे परिवार साथ खाना खाकर सो गये। मंगलवार की सुबह जब वह देर से उठी तो मां ने उसे डांटा और फिर उसी विवाद को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। 
डांट से नाराज होकर छात्रा अपने कमरे में गई और अन्दर से दरवाजा बंद कर लिया। जब काफी देर तक आवाज नही आई तो घरवालों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर लोगों की चीख निकल गई। युवती ने खुद को फांसी लगा लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही बारुण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बातचीत में कहा कि पुलिस की तरफ से पूरी जांच चल रही है. मामले का सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उजागर किया जा सकेगा।