पश्चिम बंगाल
बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है। इस मामले में रविवार की शाम उत्तर-प्रदेश और बिहार से तीन शूटरों को हिरासत में लिया गया है और कई अहम सुराग सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर-प्रदेश और बिहार से इसका जुड़ा कनेक्शन है। वारदात में इस्तेमाल की गई चारपहिया गाड़ी सिलीगुड़ी की बतायी जा रही है, जिसने घटना के दिन हावड़ा का बाली टोल प्लाजा पार कर मध्यमग्राम इलाके में प्रवेश किया था। हत्या से पहले हमलावरों ने गाड़ी के टोल भुगतान के लिए UPI का इस्तेमाल किया था। पश्चिम बंगाल सीआईडी की एसआईटी ने मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से, जबकि राज सिंह को यूपी के बलिया से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच जारी है।
टोल के यूपीआइ भुगतान से हत्याकांड की साजिश का सुराग
जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित गाड़ी का टोल भुगतान ऑनलाइन यानी यूपीआइ के जरिये हुआ था। इस डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर पुलिस उस बैंक अकाउंट, मोबाइल फोन नंबर और उससे जुड़े व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने टोल का भुगतान किया था। बिहार और उत्तर प्रदेश में छापेमारी के दौरान तीन शार्पशूटर हिरासत में लिए गए। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें रात में कोलकाता लाया गया। भवानी भवन में उनसे देर रात तक पूछताछ हुई। जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि इन शार्पशूटर्स को किसने सुपारी दी और शुभेंदु अधिकारी के सहायक को ही क्यों निशाना बनाया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि हत्या के पीछे राज्य के बाहर का नेटवर्क हो सकता है। पुलिस के मुताबिक, चंद्रनाथ की हत्या पूरी तरह सुनियोजित साजिश थी। हमलावरों ने फर्जी नंबर प्लेट वाली कार का इस्तेमाल किया, जिसकी तस्वीर OLX पर दिए गए एक विज्ञापन से ली गई थी।
मामले की तह तक जांच करने पर क्या खुलासा हुआ?
पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बक्सर के पांडेयपट्टी निवासी विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिया है। विशाल पर हत्या, आर्म्स एक्ट समेत करीब दर्जनभर मामले दर्ज हैं। बक्सर एसपी शुभम आर्य ने बताया कि बंगाल पुलिस पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले गई है, लेकिन किस मामले में हिरासत हुई, इसकी पुष्टि बंगाल पुलिस ही करेगी। आगे की जानकारी अपडेट की जा रही है।