द फॉलोअप डेस्क
भोजपुरी अभिनेता और गायक रितेश पांडेय ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज का दामन थाम लिया है। जिससे बिहार में अब जन सुराज का कुनबा और बड़ा होता जा रहा है। कुछ ही दिन पूर्व मनीष कश्यप ने भी जन सुराज पार्टी की सदस्यता ली थी। रितेश पांडेय ने इस दौरान कहा कि बिहार के लोगों को बाहर के राज्यों में किस दृष्टि से देखा जाता है, ये मैंने महसूस किया है। उन्होंने कहा कि चार लाइनों के माध्यम से मैं अपना समर्थन व्यक्त करता हूँ। जिसके बाद रितेश पांडेय ने एक गाना गाया। 
वहीं जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि रितेश पांडेय काराकाट इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने बिहार को बदहाली से निकालने के लिए जन सुराज का दामन थामा है। और भोजपुरी में उनके चाहने वाले भी बहुत हैं। इनके पिताजी जो कि एक शिक्षक थे लेकिन लालू यादव के राज में उनकी नौकरी चली गई। जिसके बाद ये संघर्ष करते हुए यहां तक पहुंचे। 40 से 50 फिल्मों में काम भी किया। और उस जीवन को छोड़कर बिहार बदलने के मकसद से जन सुराज के साथ आ गये हैं। अब ऐसे में अंदेशा लगाया जा रहा है कि उन्हें काराकाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है। 
रितेश पांडेय ने भी इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा "एक नए, शिक्षित, अपराध मुक्त, पलायन मुक्त बिहार बनाने की इस मुहिम में जन सुराज के साथ शामिल हुए"।