logo

BPSC परीक्षा को लेकर आज बिहार बंद का ऐलान, पप्पू यादव के समर्थकों का प्रदर्शन शुरू; ट्रेनों को रोका 

244234.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आज यानी 3 जनवरी को BPSC अभ्यर्थियों के समर्थन में बिहार बंद का ऐलान किया गया है, जिसे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का भी समर्थन मिला हुआ है। इस कारण पप्पू यादव के समर्थक बिहार में 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द करने की मांग के साथ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे लेकर राज्य में कई जगहों पर ट्रेनों को रोक दिया गया है। प्रदर्शनकारी BPSC परीक्षा दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर राजधानी पटना के गांधी मैदान में धरने पर बैठे हुए हैं। 

बता दें कि लगातार 17वें दिन भी गांधी मैदान में छात्रों का धरना जारी है। जानकारी हो कि सांसद पप्पू यादव ने छात्रों के समर्थन में आज प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसी के बाद सांसद के समर्थकों ने जगह-जगह पर चक्का जाम किया है। इसी कड़ी में ट्रेनों को भी रोका गया है।क्या है BPSC परीक्षा का मामला
बिहार में छात्रों द्वारा पिछले कुछ दिनों से 70वीं बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने की मांग की जा रही है। इसे लेकर अभ्यर्थी गर्दनीबाग में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा के दौरान कई सेंटर पर गड़बड़ी हुई है, लेकिन आयोग इसे मानने को तैयार नहीं है। इन्हीं, प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर आदि लगे हैं। हालांकि अब तक स मामले का कोई नतीजा नहीं निकल सका है। इसी बीच शुक्रवार को इसे लेकर 03 जनवरी यानी आज  बिहार बंद का ऐलान किया गया। 

बताया गया कि बिहार बंद 'छात्र युवा शक्ति' के बैनर तले होगा, जिसमें पप्पू यादव भी पटना में रहेंगे। साथ ही बिहार बंद के दौरान राज्य से गुजरने वाले नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और ट्रेनों को रोका जाएगा। इस पर सांसद पप्पू यादव ने भी छात्रों का समर्थन किया। इसके बाद से ही उनके समर्थक प्रदर्शन में जुटे हैं। पहले भी किया गया था बिहार बंद
इससे पूर्व 30 दिसंबर 2024 को भी BPSC परीक्षा को लेकर बिहार बंद बुलाया गया था। इस दौरान कई जिलों में रेल चक्का जाम किया गया था। साथ ही सड़कों पर भी गाड़ियों को रोका गया था। इस बंद का समर्थन वाम दल के साथ ही AISA और RYA ने भी किया था। इसी कड़ी में दरभंगा में AISA ने दिल्ली जाने वाली ट्रेन को रोका था, तो वहीं आरा में AISA और RYA द्वारा बक्सर-पटना पैसेंजर ट्रेन को रोका गया था। हालांकि, सोमवार को भी बंद का असर मिला-जुला नजर आया था। अब यह देखना होगा कि सांसद पप्पू यादव का बंद के समर्थन में उतरना कितना कारगर साबित होता है। 

Tags - Bihar Bandh BPSC Exam Protest MP Pappu Yadav Prashant Kishore Stopped Trains 70th BPSC Exam