logo

बिहार बंद: EC कार्यालय जा रहे राहुल-तेजस्वी रोके गए, 7 शहरों में ट्रेनें रुकीं, 12 हाईवे जाम

ीोपहतूारह.jpg

द फॉलोअप डेस्क

बिहार में बुधवार को महागठबंधन ने चुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे वोटर वेरिफिकेशन अभियान के विरोध में राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। बंद के दौरान प्रदेश के 7 शहरों में ट्रेनों को रोका गया और 12 राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम किया गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस विरोध में शामिल होने के लिए दिल्ली से पटना पहुंचे। उन्होंने पटना में महागठबंधन की रैली में हिस्सा लिया। उनके साथ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव भी मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और सीपीआई (माले) के नेता दीपंकर भट्टाचार्य इनकम टैक्स चौराहे से एक ही वाहन में सवार होकर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर रवाना हुए। उनका उद्देश्य आयोग तक अपनी आपत्ति को सीधे पहुँचाना था।

पुलिस ने सभी नेताओं को सचिवालय थाने के बाद बैरिकेडिंग कर के रोका है। कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर जाने की कोशिश कर रहे हैं। यहां से चुनाव आयोग का ऑफिस करीब 150 मीटर दूर है। बिहार बंद में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस, वाम दल, वीआईपी पार्टी और जन अधिकार पार्टी (पप्पू यादव) समेत महागठबंधन के 6 से ज्यादा दल शामिल हैं। बिहार बंद के दौरान 12 नेशनल हाईवे जाम किए गए। समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, मोतिहार, वैशाली, पटना और औरंगाबाद में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। दरभंगा, भोजपुर, सुपौल, जहानाबाद, पटना, मुंगेर, अररिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों को रोका गया।