द फॉलोअप डेस्क
बिहार के सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार एक नया प्रयोग करने जा रही है, जिसके तहत कर्मचारियों की संख्या, कार्य कुशलता और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी एक ही जगह उपलब्ध होगी। इसके लिए एक नया सिस्टम तैयार किया जा रहा है, जो कैडर मैनेजमेंट मॉड्यूल के नाम से जाना जाएगा।
कैडर मैनेजमेंट मॉड्यूल लागू करने की तैयारी
बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन को इस कार्य को पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है और इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है। इस दिशा में एक बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें सभी विभागों से अपने कर्मचारियों की जानकारी मांगी गई थी। जानकारी के मुताबिक, संसदीय कार्य विभाग, खाद्य उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पथ निर्माण विभाग, और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग समेत सात विभागों ने आवश्यक जानकारियां प्रशासनिक सुधार मिशन को प्रदान कर दी हैं, जबकि कुछ विभागों ने अब तक जानकारी नहीं दी है। इसके बाद, सभी विभागों को फिर से दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।.jpeg)
जानकारी का दायरा
विभागों से मांगी गई जानकारियों में सेवा संवर्ग का नाम, नियंत्रण पदाधिकारी, उप सेवा संवर्ग (यदि कोई हो), पद सोपान, नियुक्ति प्राधिकार, कोटिवार कुल स्वीकृत बल, पद नाम, पे-बैंड जैसी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है। इस प्लेटफॉर्म पर सभी जानकारी मिलने से सरकार को कर्मचारियों के तबादला-पदस्थापन, व्यक्तिगत जानकारी, नियमित पद की जानकारी, प्रोन्नति, आदि के संबंध में कोई समस्या नहीं होगी। इसके जरिए प्रशासनिक सुधार में भी मदद मिलेगी।