logo

बिहार सरकार ने ‘सिटीजन सर्विस पोर्टल’ की शुरुआत की, अब घर बैठे होगा समस्याओं का समाधान

bihar_police__.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार सरकार ने पुलिस सेवाओं को अधिक बेहतर, त्वरित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने ‘सिटीजन सर्विस पोर्टल’ की शुरुआत की है। पुलिस मुख्यालय में शनिवार को आयोजित समारोह में गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इस पोर्टल का औपचारिक उद्घाटन किया। 
उद्घाटन के बाद गृह मंत्री ने कहा कि "सरकार की कोशिश है कि आम जनता को अब छोटी-छोटी सेवाओं के लिए थानों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि घर बैठे डिजिटल माध्यम से सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। यह पोर्टल पुलिस सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे नागरिकों का समय, ऊर्जा और धन तीनों की बचत होगी।"
उन्होंने आगे कहा कि यह व्यवस्था पुलिसिंग को ज्यादा जवाबदेह, पारदर्शी और जनसुलभ बनाएगी। इस पोर्टल के द्वारा लोग कई सेवाओं का ऑनलाइन लाभ उठा सकेंगे। जिसमें पुलिस सत्यापन, ई-शिकायत पंजीकरण, खोया-पाया सूचना शामिल किये गए हैं।
वहीं अधिकारीयों ने बताया कि "शिकायत दर्ज होते ही संबंधित थाना को अलर्ट मिल जाएगा। प्रारंभिक जांच में यदि शिकायत की पुष्टि सही पाया जाता है तो ऑनलाइन दर्ज आवेदन के आधार पर एफआईआर भी की जा सकेगी। इस पोर्टल को इस तरह तैयार किया गया है कि शिकायतकर्ता अपने आवेदन की स्थिति रियल-टाइम में देख सकेगा, जिससे अनावश्यक दौड़-भाग की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।"
इस समारोह के दौरान बिहार के डीजीपी विनय कुमार, एडीजी कुंदन कृष्णन सहित पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जहां अधिकारीयों ने बताया कि यह मंच लगातार विस्तारशील होगा और भविष्य में इससे जुड़ी सेवाओं की संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिकतम सरकारी प्रक्रियाएं सीधे नागरिकों तक ऑनलाइन पहुंच सकें। 
 

Tags - Bihar news bihar latest news bihar update bihar trending news bihar government news bihar police citizen service portal