logo

गया-पटना से विदेश के लिए उड़ान भरेंगे विमान, 36.5 करोड़ से बिहार में शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

international_flight.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
बिहार के लोगों के लिए अंतरराष्ट्रीय सफर अब और भी आसान और किफायती होने जा रहा है। राज्य सरकार ने पटना और गया हवाई अड्डों से सीधे विदेशी शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में कदम उठाया है। अब यात्रियों को बैंकॉक की मौज-मस्ती हो या काठमांडू की धार्मिक यात्रा, दिल्ली या कोलकाता के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नागरिक उड्डयन विभाग ने इसके लिए आधिकारिक तौर पर टेंडर जारी कर दिया है, जिससे बिहार की कनेक्टिविटी सीधे ग्लोबल मैप तक होगी। बिहार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और व्यापार का केंद्र बनाने के लिए 5 प्रमुख वैश्विक शहरों को चुना गया है। नई योजना के तहत पटना से नेपाल की राजधानी काठमांडू के लिए सीधी उड़ान शुरू होगी। गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विस्तार करते हुए वहां से शारजाह (यूएई), बैंकॉक (थाईलैंड), कोलंबो (श्रीलंका) और सिंगापुर के लिए विमान सेवाएं प्रस्तावित की गई हैं। यह फैसला न केवल पर्यटकों के लिए सुखद है, बल्कि खाड़ी देशों में काम करने वाले बिहार के कामगारों और बौद्ध सर्किट की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। हवाई सेवा को सुगम और सफल बनाने के लिए बिहार सरकार ने ‘वायबिलिटी गैप फंडिंग’ (VGF) का एक आकर्षक मॉडल तैयार किया है। सरकार ने एयरलाइंस कंपनियों को शुरुआती घाटे से उबारने के लिए कुल 36.5 करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा है। पटना-काठमांडू और गया-काठमांडू रूट के लिए 18-18 करोड़ रुपये की सहायता राशि तय की गई है। गया से सिंगापुर, शारजाह और बैंकॉक जैसे लंबी दूरी के रूटों पर प्रति राउंड ट्रिप 10 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। यह वित्तीय सहायता शुरुआत के 6 महीनों तक जारी रहेगी, ताकि कंपनियों को रूट स्थापित करने में कोई आर्थिक कठिनाई न हो। अब सप्ताह में कम से कम 2 और अधिकतम सात दिन विमानों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल बिहार में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी, बल्कि राज्य के पर्यटन उद्योग को भी नई संजीवनी मिलेगी। एयरलाइंस कंपनियां 15 अप्रैल तक अपने आवेदन जमा कर सकती हैं, जिसके बाद बिहार के आसमान में अंतरराष्ट्रीय विमानों की गूंज सुनाई देने लगेगी।d

Tags - Bihar International Flights Patna Airport News Gaya International Airport Patna to Kathmandu Flight Gaya to Bangkok Flight Bihar Aviation Dept Tender Nitish Kumar Govt Aviation Plan VGF Scheme Bihar Bihar Tourism News