द फॉलोअप डेस्क:
Librarian Admit Card: बिहार (Bihar) में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष (Librarian) बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से आयोजित विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 सोमवार, 23 नवंबर से शुरू होगी। परीक्षा 6 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। इसके लिए बोर्ड ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी संबंधित आधिकारिक परीक्षा पोर्टल पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड में परीक्षा की तारीख, समय और केंद्र की जानकारी दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र, तिथि और समय में बदलाव के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।

परीक्षा केंद्र पर इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपने साथ एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र और बॉल पेन ही ले जा सकेंगे। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कलाई घड़ी, पर्स और बैग ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। बायोमेट्रिक उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए हाथों पर मेहंदी, स्याही, रंग या नेल पॉलिश लगाने की भी मनाही है। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली के लिए रिपोर्टिंग सुबह 7:30 बजे से होगी और गेट 8:30 बजे बंद हो जाएगा। दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे रिपोर्ट करना होगा, जबकि गेट 2:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

150 प्रश्नों के लिए मिलेंगे 150 मिनट, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और इसे हल करने के लिए 150 मिनट यानी ढाई घंटे का समय मिलेगा। राहत की बात यह है कि गलत उत्तर देने पर अभ्यर्थियों के अंक नहीं काटे जाएंगे। हालांकि, अलग-अलग तारीखों और पालियों में परीक्षा होने के कारण अंकों के सामान्यीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स की बात करें तो सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत और SC/ST, दिव्यांग व महिला अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने से पहले एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ लेने चाहिए।