द फॉलोअप डेस्क
बिहार के वैशाली जिले से एक हैरान करने वाला सामने आया है। यहां तेज आंधी पानी में एक पुल बह गया। वैशाली का पीपा पुल तेज रफ्तार से चल रही आंधी में तकरीबन 35 फीट बह गया है। जिस वक्त पुल डूबा उसपर 50 से अधिक लोग थे। राहत की बात यह है कि इसमें किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। पानी कम होने के कारण सभी लोग बाहर निकल गए। सभी लोग सुरक्षित हैं। दरअसल पीपा पुल खोलने का समय सीमा 15 जून ही था। लेकिन गंगा नदी में पानी कम रहने के कारण पीपा पुल को पुल निर्माण निगम द्वारा नहीं खोला गया था।

22 पंचायतों का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क टूटा
पीपा पुल बह जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। लोगों को नाव के सहारे नदी पार करना पड़ रहा है। राघोपुर प्रखंड के 22 पंचायतों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। इनका जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बंद हो गया है। और कहा जा रहा है कि लंबे समय तक इन्हें नाव का सहारा लेना पड़ सकता है। पीपापुल खुलने से करीब ढाई से तीन लाख की आबादी को अब नाव से नदी पार कर हाजीपुर एवं अन्य जगहों पर आना जाना पड़ेगा। हालांकि चकौसन जिमदारी घाट के तरफ नदी में पानी अभी बहुत कम है जिसके कारण नाव परिचालन में भी दिक्कतें हो रही है। वहीं लोगों को एक किमी पैदल बालू पर चलकर नाव की सवारी करना पड़ेगा। पुल निर्माण निगम के कनीय अभियंता इरफान अली ने बताया कि तेज हवा के कारण पीपा पुल किनारे से खुलकर बीच में आ गया है। उन्होंने बताया कि पीपा पुल खोलने का समय 15 जून को ही था लेकिन गंगा नदी में पानी कम रहने के कारण उसे नहीं खोला गया था।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
बता दें कि मौसम विभाग ने आज पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, किशनगंज, मधुबनी में भारी बारिश होने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य सभी जिलों में आकाशीय बिजली के साथ हल्की बारिश होने को लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया है। पटना समेत कई जिलों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।