logo

बिहार पुलिस की VVIP सुरक्षा को लेकर नई रणनीति, यूनिफॉर्म में होगा बदलाव; सभी जिलों के SP को मिले निर्देश

नेव.jpg

द फॉलोअप डेस्क

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। खासकर वीवीआईपी और वीआईपी की सुरक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय ने अपने कदम तेज कर दिए हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान कई वीवीआईपी और वीआईपी नेताओं के चुनाव प्रचार के लिए बिहार आने की संभावना है, और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए पुलिस तैयारी में जुट गई है।
इसके तहत, बिहार के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को एक सिक्योरिटी पोल तैयार करने का निर्देश दिया गया है, जिसे 13 अप्रैल तक पुलिस मुख्यालय को सौंपना है। इस पोल में शामिल पुलिस अधिकारी किसी भी हालत में खाकी वर्दी में नहीं होंगे। उनकी ड्रेस कोड के तहत सफेद शर्ट, काली पैंट, काले चमड़े का बेल्ट और जूते, तथा काले या नीले रंग के मौजे पहनने होंगे। इसके अलावा, वीआईपी की सुरक्षा में तैनात जो कारकेड रहेंगे, उनके ड्राइवर भी इसी सिक्योरिटी पोल के सदस्य के रूप में इस यूनिफॉर्म में रहेंगे।
सिक्योरिटी पोल के गठन को लेकर बताया गया है कि प्रत्येक पोल में 6, 12 से लेकर 30 तक पुलिसकर्मियों का एक सेट होगा। हालांकि, 2023 में पुलिस मुख्यालय ने सिक्योरिटी पोल का गठन किया था, लेकिन यह अभी तक पूरी तरह से सक्रिय नहीं हो सका था। अब इसे पूरी तरह से सक्रिय किया जा रहा है।
इसके साथ ही, सूबे के आईजी और डीआइजी ने जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिया है कि वे सिक्योरिटी पोल में तैनात करने के लिए तेजतर्रार पुलिसकर्मियों का चयन करें। इसके अलावा, सुरक्षा के लिए जरूरी कपड़े, जूते और अन्य सामान की खरीदारी का काम भी शुरू कर दिया गया है।
वीआईपी सुरक्षा में अक्सर परिधान को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा होती थी। कई पुलिसकर्मी जो सुरक्षा में तैनात होते थे, वे अक्सर बेतरतीब तरीके से ड्रेस पहन लेते थे, जिससे आलाधिकारियों को फजीहत का सामना करना पड़ता था। अब यह समस्या दूर करने के लिए पुलिस ने विशेष तैयारी की है।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTBIHARPOLICEVVIPLATESTNEWS