द फॉलोअप डेस्क
बिहार में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए शिक्षा विभाग ने फैसला लिया है की अब राज्य के सभी सरकारी स्कूलों का समय बदल दिया गया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाया जा सके। यह नई व्यवस्था 6 अप्रैल से लागू होकर 31 मई तक प्रभावी रहेगी। गर्मी की छुट्टियों से पहले तक स्कूल मॉर्निंग शिफ्ट में ही चलेंगे। नए टाइम टेबल के अनुसार, स्कूल सुबह 6:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 12:30 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। दिन की शुरुआत प्रार्थना और अन्य गतिविधियों से होगी, जिसके बाद नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। सातवीं घंटी के बाद 12:20 में छात्रों की छुट्टी कर दी जाएगी। इसके बाद 10 मिनट तक शिक्षकों की बैठक होगी, जिसमें दिनभर की समीक्षा और आगे की योजना बनाई जाएगी। गर्मी को ध्यान में रखते हुए मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
जिन स्कूलों में छात्रों की संख्या अधिक है और सभी को एक साथ भोजन कराना संभव नहीं है, वहां दो चरणों में भोजन कराने की अनुमति दी गई है। कुछ छात्र अवकाश के दौरान भोजन करेंगे, जबकि अन्य तीसरी या चौथी कक्षा के समय भोजन कर सकेंगे। इस दौरान पढ़ाई भी जारी रहेगी। जहां स्कूल दो शिफ्ट में संचालित होते हैं, वहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय निर्धारित करने का अधिकार जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर डीएम भी स्कूल समय में बदलाव कर सकते हैं। गया जिले में भी इस नई समय-सारणी को लागू कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस समय-सारणी का सख्ती से पालन करें और यह सुनिश्चित करें कि पढ़ाई बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से चलती रहे। शिक्षा विभाग का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य केवल पढ़ाई कराना नहीं, बल्कि बच्चों की सेहत और सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। गर्मी के मौसम में सुबह के समय कक्षाएं संचालित होने से बच्चों को राहत मिलेगी और वे बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे।