logo

भागलपुर के गंगा नदी में 2 महिलाओं की मिली लाश, परिजन जता रहे हत्या की आशंका

girl_murder.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भागलपुर जिले के गंगा नदी में दो लापता महिलाओं का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। घटना जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत पकड़तल्ला इलाके का बताया जा रहा हैं। जहां दोनों महिलाएं रोपनी के लिए रसलपुर बहियार गई थीं, जहां से वे दोनों अचानक से लापता हो गई थीं। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय पिंकी देवी और 33 वर्षीय रेखा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने उन दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
बताया जा रहा है कि दोनों के शवों की जीभ बाहर निकली हुई थी जिससे परिजनों के द्वारा यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी ने इनकी हत्या कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं शाहपुर निवासी वचनदेव मंडल की पत्नी शकुना देवी के साथ धान की रोपनी के लिए गई थी। लेकिन रोपनी के बाद पिंकी देवी और रेखा देवी घर वापस नहीं लौटी। उसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। वहीं साथ में गई शकुना देवी से भी पूछताछ की गई जहां उसने बात घुमाते हुए कहा कि सबको नदी पार करा दिया गया है आती ही होगी। जब ये मामला थाने तक गया तो पुलिस ने शकुना देवी से सख्ती से पूछताछ की जिसमें उसने बताया कि खेत मालिक प्रदीप यादव ने सभी महिलाओं को गेरुआ नदी पार करवाया था उसी दौरान पिंकी और रेखा का हाथ छुट गया और दोनों नदी में बह गई। 
पूछताछ में शकुना देवी ने यह भी बताया कि घटना के बाद खेत मालिक के कहने पर बात को छुपाये रखा गया। जिसके बाद से परिजन लगातार हत्या की आशंका जता रहे हैं। रेखा देवी के पति अशोक मंडल और पिंकी देवी के पति बीरबल मंडल ने हत्या का आरोप खेत के मालिक पर लगाया है और कहा है कि जानबूझकर हत्या कर शव को नदी में बहा दिया गया। 
मिली जानकारी के अनुसार घोघा थानाध्यक्ष अजीत कुमार और रसलपुर थाना प्रभारी कन्हैया कुमार के दटीम के द्वारा शकुना देवी और खेत मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है ताकि मामले का सच पता लगाया जा सके। वहीं पुलिस ने बताया कि घटना की उचित कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी। 
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar update bihar khabar bihar trending news crime news murder murder news bhagalpur news bhagalpur crime news murder case