द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बेगूसराय जिले में एक मामूली विवाद में एक साले ने अपने ही जीजा की कुदाल से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 निवासी लूँगी मांझी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लूंगी मांझी जब अपने घर पर सो रहे थे तभी घर में घुसकर उसके साले प्रह्लाद मांझी ने कुदाल से गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हमले की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठे हुए लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की शिनाख्त करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी की तलाश करने में जुट गई। DSP रवींद्र मोहन प्रसाद के बताए अनुसार आरोपी प्रह्लाद मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया है। ताकि सबूत को संकलित कर उसकी जांच बेहतर तरीके से की जा सके।
पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया गया है किन्तु अब तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच में पारिवारिक विवाद माना जा रहा है लेकिन फिर भी हर पहलू से इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद लोगों में आक्रोश और भय भी देखने को मिल रहा है। वहीं परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।