द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नालंदा जिले के राजगीर जू-सफारी में नवनिर्मित बर्ड एवियरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बर्ड एवियरी का निरीक्षण किया, जहां अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इस एवियरी में पक्षियों के रहने, खाने-पीने और उनके पर्यावरणीय माहौल का खास ध्यान रखा गया है। इसमें देशी और विदेशी प्रजातियों के कई पक्षी रखे गए हैं। मुख्यमंत्री ने इन पक्षियों के कलरव को सुना और आनंदित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज राजगीर में पक्षियों के रहने के लिए एक बर्ड एवियरी का उद्घाटन किया गया है। यह एवियरी राजगीर जू-सफारी के अंतर्गत पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण में तैयार किया गया है। लगभग एक एकड़ क्षेत्र में बने इस बर्ड एवियरी में पेड़-पौधे और पानी का स्रोत है, जिससे पक्षी आराम से रह सकेंगे। यहां आने वाले लोग, खासकर बच्चे, पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और इसके माध्यम से पक्षियों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जू-सफारी में अन्य जानवरों के आवास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जू-सफारी में बाघ, शेर, तेंदुआ, भालू और हिरण जैसे पांच प्रमुख जानवरों का जिक्र करते हुए कहा कि यह जू सफारी देश के सबसे अच्छे जू-सफारी में से एक है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2021 में राजगीर जू-सफारी का उद्घाटन किया था, और उसके बाद से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने आ रहे हैं।
इस कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार, सांसद संजय कुमार झा, कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।