logo

मैं नहीं हूं मुख्यमंत्री पद का दावेदार, नीतीश मॉडल पर चलेगी बिहार की नई सरकार; बोले चिराग

a941.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इस चर्चा के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में कहीं नहीं हूं। उन्होंने कहा कि नई सरकार का चेहरा बीजेपी, जेडीयू, लोजपा, रालोसपा और हम पार्टी के विधायक मिलकर तय करेंगे। उन्होंने कहा कि नया मुख्यमंत्री एनडीए विधायक दल की बैठक में चुना जाएगा। चिराग पासवान ने संकेत दिए हैं कि बिहार की नई सरकार के मुखिया के चयन में नीतीश कुमार की भूमिका काफी अहम होने वाली है। उनकी सहमति के बगैर भारतीय जनता पार्टी किसी भी नेता को मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं दिला सकती है।

चिराग पासवान ने जिक्र किया कि कैसे प्रदेश की नई सरकार नीतीश मॉडल के आधार पर ही आगे का कामकाज संभालेगी। गुरुवार को जेडीयू नेता विजय चौधरी ने भी जिक्र किया था कि बिहार की नई सरकार नीतीश मॉडल पर ही संचालित होगी। पूर्व मुख्यमंत्री इसका मार्गदर्शन करेंगे। 

 

नीतीश मॉडल पर चलेगी नई सरकार
चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार ने 2 दशक तक बिहार की सेवा की है। उन्होंने नए बिहार की नींव रखी है। इस प्रदेश को जंगलराज से मुक्ति दिलाकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। बिहार में बुनियादी ढांचे का विकास उनके नेतृत्व में हुआ है। लोजपा (रामविलास) प्रमुख ने कहा कि नीतीश कुमार ने विकास की जो नींव रखी थी, नई सरकार उसी में प्रगति की इमारत खड़ी करेगी। 

14 अप्रैल तक नई सरकार का गठन होगा
गौरतलब है कि 14 अप्रैल तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। वह एनडीए घटक दल के विधायकों की मौजूदगी में इसका औपचारिक ऐलान करेंगे। 14 अप्रैल को ही नई सरकार बनाने का दावा पेश किया जायेगा। बिहार में  मुख्यमंत्री पद की रेस में सम्राट चौधरी का नाम आगे समझा जा रहा है। उनके अलावा नित्यानंद राव और विजय कुमार सिन्हा का नाम भी चर्चा में है। गुरुवार को जब दिल्ली में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक स्थगित हो गई तो श्रेयसी सिंह और रेणु देवी जैसे नाम भी सामने आए। हालांकि, अभी तक सम्राट चौधरी को ही मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार समझा जा रहा है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास छोड़ दिया है। 

Tags - Chirag PaswanChirag Paswan StatementNitish KumarBihar PoliticsBihar UpdateBihar News UpdateBihar Latest Update