logo

सीएम नीतीश ने प्रगति यात्रा के दौरान मधेपुरा जिले को दी 299 करोड़ रुपये की सौगात, 69 योजनाओं की शुरुआत 

NITISH0029.jpg

पटना 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के तीसरे चरण में मधेपुरा के चौसा प्रखंड के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, उदाकिशुनगंज परिसर से कुल 29956.49 लाख रुपये की कुल 69 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 10317.007 लाख रुपये की 40 योजनाओं का उद्घाटन और 19639.48 लाख रुपये की 29 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने चौसा प्रखंड स्थित रसलपुर धुरिया पंचायत में विभिन्न विकासात्मक कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चौसा प्रखंड स्थित आई०टी०आई०, उदाकिशुनगंज के परिसर में लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने 5251 स्वयं सहायता समूह को 33 करोड़ 98 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, 7685 स्वयं सहायता समूह को 82 करोड़ 55 लाख रुपये का सांकेतिक चेक और 1232 जीविका दीदियों के परिवार को 6 करोड़ 55 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के स्टॉल पर लगाए गए विभिन्न उत्पादों को देखा और जीविका दीदियों से बातचीत भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में जब हमलोगों को बिहार में काम करने का मौका मिला तो हमने देखा कि यहां स्वयं सहायता समूहों की संख्या नाम मात्र की है। हमलोगों ने विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ानी शुरू की। हमने ही स्वयं सहायता समूह का नाम 'जीविका' दिया और इनसे जुड़ी महिलाओं का नाम 'जीविका दीदी' दिया, जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केंद्र सरकार ने 'आजीविका' के नाम से पूरे देश में इसे लागू किया। इससे बिहार की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। उनका पहनावा और बोलचाल भी काफी अच्छा हो गया है। वे लोगों से बेहिचक होकर बातें करने लगी हैं। मैं आप सभी जीविका दीदियों को बेहतर कार्य करने के लिए बधाई देता हूं, आपलोग बहुत आगे बढ़ें, खूब तरक्की करें।

मुख्यमंत्री ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रों द्वारा लगाए गए शैक्षणिक कार्यों से संबंधित स्टॉलों को देखा और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बनाए गए सेंटर फॉर एक्सीलेंस का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने वहां वर्कशॉप का निरीक्षण किया और आधुनिक तकनीक पर आधारित लगायी गयी मशीन एवं उनकी कार्य पद्धति की जानकारी ली। गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के बगल के मैदान में मुख्यमंत्री ने 5652.42 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को डिजाइन के माध्यम से अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण अच्छे ढंग से कराएं ताकि बगल में खेल मैदान का स्वरूप भी बना रहे और छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने रघुनाथ विद्या मंदिर प्लस 2 विद्यालय, क्लासन के परिसर से 9.94 लाख रुपये लागत के खेल मैदान (गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के बगल में) का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खेल मैदान का जायजा लिया और खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने इसी विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, श्रम संसाधन विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और शिक्षा विभाग आदि के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के लाभुकों को 33 लाख 700 रुपये का सांकेतिक चेक, श्रमिक योजना के लाभुकों को 8 लाख 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, मालखाना विकास योजना के अंतर्गत लाभुकों को 7.50 लाख रुपये का सांकेतिक चेक और आयुष्मान कार्ड योजना के लाभुकों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। 


 

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi