logo

CM नीतीश ने प्रगति यात्रा के दौरान किया बड़ा ऐलान, इस जिले में बनेगा मेडिकल कॉलेज; भेजी जाएगी जमीन की पहचान के लिए टीम

नीतीश_कुमार_23.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी प्रगति यात्रा के दौरान जहानाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। इस अवसर पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अरवल मोड़ के पास राजाबाजार आर०ओ०बी० का निर्माण कराया जाएगा। इस निर्माण से शहरवासियों को जल-जमाव और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। इसके अलावा, एन.एच.-110 से एस.एस. कॉलेज, जहानाबाद तक सड़क निर्माण किया जाएगा, जिससे छात्रों को आवागमन में सुविधा होगी, विशेषकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण छात्रावास, श्रीकृष्ण महिला कॉलेज और अन्य विद्यालयों के छात्रों को लाभ होगा। इस मार्ग में स्थित एरोड्रॉम स्टेडियम में प्रस्तावित हेलीपैड से विशिष्ट अतिथियों के आवागमन में भी सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बराबर पर्यटन क्षेत्र का समग्र विकास किया जाएगा। इससे लाखों श्रद्धालुओं को श्रावण माह में बेहतर आवागमन की सुविधा, विश्रामगृह, शेड, रोशनी जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी। इस विकास से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और आस-पास के लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जहानाबाद में एक स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, काको, घोषी और मखदुमपुर प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जहानाबाद जिले में नया मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बनाने की घोषणा की। इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के लिए एक टीम कल ही भेजी जा रही है, ताकि शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना की जा सके और स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTMEDICALCOLLEGECMNITISHKUMARCMNEWS