logo

Bihar Politics : चुनावी रणनीतिकार PK से मिले सीएम नीतीश, क्या फिर आएंगे साथ?

nitish_pk_together.jpg

पटना:
बिहार में राजनीति गरमी के बीच चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) से मुलाकात की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम प्रशांत किशोर CM से मिलने एक अणे मार्ग पहुंचे थे। इस दौरान दोनों नेताओं में बंद कमरे में करीब दो घंटे तक बात हुई। मुख्यमंत्री आवास पर प्रशांत किशोर और नीतीश कुमार के बीच हुई इस मुलाकात के दौरान जदयू के पुराने नेता पवन वर्मा (Pawan Verma) भी मौजूद थे। वैसे फिलहाल इस मुलाकात पर अभी आधिकारिक रूप से किसी का बयान नहीं आया है।

प्रशांत किशोर की हो सकती है रणनीतिकार के रूप में अहम भूमिका
पिछले दिनों पीके और नीतीश कुमार एक दूसरे पर लगातार हमलावर थे। प्रशांत कुमार ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए यहां तक कह दिया कि अगर फेविकोल कंपनी वाले मिलेंगे तो वो उनको सलाह देंगे कि वो नीतीश कुमार को अपना ब्रांड एंबेसडर बना लें। वहीं दोनों के इस मुलाकात के बाद कहा जा रहा है कि 2024 के लिए बीजेपी के खिलाफ राजनीति करने के लिए प्रशांत किशोर की रणनीतिकार के रूप में अहम भूमिका हो सकती है। प्रशांत किशोर ने पिछले दिनों मीडिया से बात करते हुए कहा था कि आज नीतीश कुमार वही कर रहे हैं, जो काम प्रशांत किशोर पहले कह चुके थे। उस वक्त नीतीश कुमार समझ नहीं पाये थे।

2 दिन पहले पवन वर्मा से मिले थे सीएम
बता दें कि 2 दिन पहले मुख्यमंत्री ने प्रशांत किशोर के करीबी पवन वर्मा से मुलाकात की थी। इन दोनों के मुलाकात के बाद कहा जा रहा था कि सीएम ने पवन वर्मा को मिशन 2024 के लिए कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस मुलाकात के बाद पवन वर्मा ने कहा था कि वह बीजेपी से अलग महागठबंधन के साथ आने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देने गए थे। वर्मा ने कहा कि नीतीश कुमार से हमारे मतभेद केवल बीजेपी के साथ जाने को लेकर थे। वर्मा ने कहा कि नीतीश कुमार हमारे नेता रहे हैं और इस लिहाज से उनकी मुलाकात में कुछ नया नहीं है।