द फॉलोअप,बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और बिहार की शान इशान किशन को उनकी शानदार खेल उपलब्धियों के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन चेक देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से इशान किशन को यह सम्मान राशि सौंपी।

मुख्यमंत्री ने इशान की सराहना की
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इशान किशन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर न केवल भारतीय टीम में जगह बनाई है, बल्कि पूरी दुनिया में बिहार का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इशान की सफलता बिहार के उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार बिहार में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 करोड़ रुपये की यह प्रोत्साहन राशि सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों के प्रति सरकार के भरोसे और सम्मान का प्रतीक है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, शानदार बल्लेबाज, बिहार के लाल, श्री @ishankishan51 जी को विश्व कप जिताने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ रुपए की राशि देकर सम्मानित किया।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 15, 2026
सफल क्रिकेट करियर के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ,… pic.twitter.com/4AApkthmUG
सुविधाओं के अभाव में पलायन नहीं
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब बिहार के खिलाड़ियों को सुविधाओं के अभाव में पलायन नहीं करना पड़ेगा। राज्य सरकार ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी योजनाओं के साथ-साथ खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराती रहेगी। सम्मान प्राप्त करने के बाद इशान किशन ने मुख्यमंत्री और बिहार सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि से मिलने वाला प्यार और सम्मान किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ी ताकत होती है। इस सम्मान समारोह के बाद खेल प्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिला। इसे बिहार में खेल संस्कृति के नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।