logo

पटना : 2 नावों में हुई आमने-सामने की टक्कर, नदी में गिरे लोगों ने घास के सहारे बचाई जान

patna_naao.jpg

पटना:
पटना (Patna) में यात्रियों से भरी 2 नावों में टक्कर हो गई। दोनों नाव नदी में पलट गईं और इनमें सवार लोग नदी में गिर गए।  दोनों नावों में लगभग 50 लोग सवार थे।  ज्यादातर लोगों को बाहर निकाल लिया गया है वहीं 8 से 10 लोग अब भी लापता हैं। SDRF और NDRF की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टीम उनकी तलाशी में लगी हुई है। माना जा रहा है कि गंगा (Ganga) के तेज बहाव के चलते दोनों नावों का बैलेंस बिगड़ने से ये हादसा हुआ। इस घटना के बाद गांव की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

35 से ज्यादा लोग घास का सहारे बाहर आए
दानापुर के शाहपुर में दाउदपुर के रहने वाले लगभग 55 लोग नाव से जानवरों का चारा लेकर लौट रहे थे। इसी बीच बैलेंस बिगड़ने से दोनों नाव में टकराव हो गया। जिसके चलते सभी लोग गंगा में तेज बहाव में बहने लगे। जिसमें से 35 से ज्यादा लोग घास का सहारे उफनती नदी से बाहर आए वहीं कुछ को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। कुछ लोग अब भी लापता हैं। NDRF और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। गंगा की तेज धारा के चलते लापता लोगों को ढूंढ़ने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

10 लोग अभी भी लापता
घटना के बाद गांव के लोगों ने शाहपुर थाना पहुंचकर पुलिस से इस मामले में मदद मांगी, जिसके बाद शाहपुर थाना प्रभारी ने SDRF और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल किसी लापता शख्स का शव नहीं मिला है। शाहपुर के थानाध्यक्ष सफीर आलम ने बताया कि लापता होने वाले 10 लोगों में रामाधार राम (65 वर्ष), कंचन देवी (35 वर्ष), डोरा राम की बेटी (40 वर्ष), भोला कुमारी (12 वर्ष), आरती कुमारी (14 वर्ष), पूजन राय की पत्नी (45 वर्ष), कुमकुम देवी, विनोद राय, छोटू राम और महेश राम शामिल हैं।