पटना
बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने सोमवार को कैबिनेट बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में सुबह 11:30 बजे आयोजित होगी, जहां सरकार गठन से जुड़े अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है।
इससे पहले रविवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को नवनिर्वाचित 243 विधायकों की सूची सौंपी। इसके साथ ही औपचारिक सरकारी प्रक्रिया एक नए चरण में प्रवेश कर चुकी है।

गांधी मैदान 4 दिनों के लिए बंद
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी लगभग तय मानी जा रही हैं। इसी बीच पटना डीएम ने आदेश जारी करते हुए गांधी मैदान को 17 से 20 नवंबर तक आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। माना जा रहा है कि इसी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
सरकार गठन का ब्लूप्रिंट लगभग तैयार
लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी सरकार गठन पर बड़ा संकेत दिया है। उनके मुताबिक नई सरकार का ब्लूप्रिंट आज रात या कल तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। चिराग ने कहा कि वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से बातचीत जारी है और 22 नवंबर से पहले नई सरकार बनना तय है।

चुनाव परिणामों ने साफ़ की नई तस्वीर
ताज़ा विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया है। एनडीए में भाजपा को 89, जदयू को 85, लोजपा (रामविलास) को 19, हम को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली हैं। उधर, महागठबंधन को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। राजद को 25 और कांग्रेस को सिर्फ 6 सीटें मिलीं। वीआईपी का खाता नहीं खुला, जबकि एआईएमआईएम ने 5 सीटें जीतीं। नई सरकार के शपथ ग्रहण के लिए अब केवल औपचारिक घोषणा का इंतज़ार है।
