logo

पटना : अपराधियों ने रिटायर्ड DSP से की मारपीट, FIR करने गए तो पुलिसकर्मी ने ये सलाह दे डाली

rajiv_nagar_thana.jpg

पटना:
बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए है कि अब पुलिसकर्मी (Bihar Police) के साथ भी मारपीट की वारदात के अंजाम देने की खबर सामने आ रही है। मामला राजधानी पटना का है। जहां राजीव नगर इलाके में बदमाशों ने एक रिटायर्ड DSP से जमकर मारपीट की। उससे हैरानी की बात यह है कि जब रिटायर्ड DSP नरेश प्रसाद शर्मा (Naresh Prasad Sharma) केस दर्ज कराने के लिए थाने गए, तो वहां पुलिस ने उनकी मदद नहीं की और केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। वहीं मुंशी और अन्य पुलिसकर्मी ने आरोपियों को बच्चा बताते हुए मामले की सुलह कर लेने की बात की।

 

पुलिसकर्मी ने सुलह कर लेने की बात कही
मिली जानकारी के अनुसार राजीव नगर थानांतर्गत जयप्रकाश नगर नाले के पास रविवार को रोडरेज के दौरान कुछ युवकों ने रिटायर्ड डीएसपी की बुरी तरह से पिटाई कर दी। रिटायर्ड डीएसपी अपनी कार में बैठे थे। पहले तो बदमाश युवकों ने उनकी कार को टक्कर मारी। उसके बाद फोनकर अपने कुछ बदमाश दोस्तों बुला लिया और फिर डीएसपी की जमकर पिटाई कर दी। बदमाशों ने उनपर जमकर लाठियां बरसाई। हैरानी की बात तो यह है कि थाने पहुंचे तो मुंशी और अन्य पुलिसकर्मी ने आरोपियों को बच्चा बताते हुए मामले की सुलह कर लेने की बात की। थाने में कोई भी कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं हुआ, जिसके बाद दोनों युवकों को थाने से छोड़ दिया गया।

ढाई साल सचिवालय थाने के थानेदार रह चुके हैं नरेश
रिटायर्ड डीएसपी ने बताया कि राजीवनगर में रहने वाले आर्यन नाम के युवक ने अपने घर से जयप्रकाश नाला के बगल से होते हुए पाटलिपुत्रा जाते वक्त उनकी गाड़ी में टक्कर मारी। नरेश ने जब टक्कर मारने का विरोध किया तो आर्यन राज ने फोन कर अपने साथियों को बुलाकर रिटायर्ड डीएसपी नरेश के साथ मारपीट की।  बता दें कि नरेश प्रसाद शर्मा अपने इंस्पेक्टर के कार्यकाल में ढाई साल सचिवालय थाने के थानेदार रह चुके हैं।