द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मोतिहारी में साइबर अपराधियों ने RJD के प्रदेश महासचिव भोला साह को SIM अपडेट कराने के नाम पर लगभग तीन लाख रुपये का चूना लगा दिया। अपराधियों ने 199 रुपये के रिचार्ज से इस खेल को शुरू किया और फिर अलग-अलग किस्तों में कुल 2,98,200 रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित भोला साह, जो तुरकौलिया थाना क्षेत्र के ब्रह्म टोला के निवासी हैं, उन्होंने साइबर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2025 को 8931946411 नंबर से नवीन कुमार नामक व्यक्ति ने फोन कर खुद को टेलीकॉम कंपनी का अधिकारी बताया। आगे उन्होंने कहा कि कॉलर ने कहा कि उनका सिम पुराना हो चुका है और 32 दिनों के भीतर अपडेट नहीं कराने पर बंद हो जाएगा।

विश्वास में लेकर ठगी ने पहले 199 रुपये का रिचार्ज कराया। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से संपर्क कर 13,500 रुपये खाते में डलवाए। फिर पूजा देवी नामक महिला के नंबर पर 32,700 रुपये ट्रांसफर करवाया। यह कहकर कि 57,000 रुपये वापस मिलेंगे। इसके बाद सुमन यादव के सीएसपी के माध्यम से 65,500 रुपये और जमा कराए। उनहोंने आरोप लगाया कि इसी तरह विभिन्न किस्तों में कुल 2,98,200 रुपये की ठगी की गई। जब भोला साह ने पैसे वापस मांगे तो ठगों ने और रकम जमा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाना में आवेदन दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, साइबर थाना की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा न करें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।