दरभंगा/बिहार
दरभंगा में एक डॉक्टर के घर से चोरों ने करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण सहित 35 हजार रुपये उड़ा ले गए। घर में घुसने के बाद पहले डॉक्टर की बहू को बंधक बनाकर मारपीट की। उसके बाद उसके बाल काटे और फिर पीठ में इंजेक्शन देकर बेहोश किया फिर वारदात को अंजाम दिया। घटना गुरुवार शाम बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव की है।

क्या-क्या हुई चोरी?
होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पवन मिश्रा के घर पर चोरी हुई। बताया जा रहा है कि पांच बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे। उनकी 22 वर्षीय छोटी पुत्रवधू करिश्मा देवी को बंधक बना लिया। घटना के समय वह अपनी डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची के साथ घर में अकेली थीं। बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की, उसके बाल काट दिए, हाथ-पैर बांधकर घसीटा और पीठ में इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया। वारदात के दौरान उन्होंने घर का टीवी तेज आवाज में चला दिया, ताकि महिला की चीख-पुकार बाहर तक न पहुंच सके। करीब 20 मिनट तक बदमाशों ने घर के तीन कमरों के दो गोदरेज अलमारियों का ताला तोड़ दिया। इसके बाद लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 35 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति के अनुसार, लूटे गए सामान में मंगलसूत्र, टीका, नथिया, झुमका, पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कान के आभूषण, चाबी रिंग सहित अन्य कीमती जेवर शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घायल करिश्मा देवी को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।