द फॉलोअप डेस्क:
दरभंगा के जमालपुर में 10वीं की छात्रा के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। सोमवार को छात्रा अर्धवार्षिक परीक्षा देने किरतपुर हाईस्कूल जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में दो युवक करीब दो किलोमीटर पहले से उसका पीछा कर रहे थे और उसके साथ छेड़खानी करते हुए दुपट्टा खींचने लगे। छात्रा ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की गई। बचने के लिए छात्रा एक दुकानदार की दुकान में पहुंची और उसके पीछे छिपकर मदद मांगी। छात्रा ने दुकानदार को बताया कि दोनों युवक उसका पीछा कर रहे हैं। आरोप है कि दुकानदार ने जब छात्रा को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद छात्रा पास के एक टूटे-फूटे घर में चली गई, लेकिन आरोप है कि दोनों युवक वहां भी पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की।
.jpeg)
नानी के घर से नाव से कोसी पार कर स्कूल जाती है छात्रा
छात्रा के मामा के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना 112 पर पुलिस को दी। इसी दौरान छात्रा की मां को भी घटना की जानकारी मिली। वह किरतपुर चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में साफ-सफाई का काम कर रही थीं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। बाद में दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने छात्रा को आरोपियों से बचाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर पहुंचाया। छात्रा के गर्दन में चोट लगने की बात सामने आई है। छात्रा दरभंगा जिले की रहने वाली है और अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करती है। नानी का घर किरतपुर हाईस्कूल से करीब चार किलोमीटर दूर कोसी नदी के दूसरी ओर है। छात्रा रोज नाव से कोसी नदी पार करती है और फिर कुछ दूरी पैदल तय करके स्कूल पहुंचती है। उसके पिता गांव में मजदूरी करते हैं, जबकि मां किरतपुर चौक के एक निजी नर्सिंग होम में काम करती हैं।

5 घंटे में दो आरोपी पकड़े गए
घटना की जानकारी मिलने के करीब पांच घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें 19 वर्षीय राजू सदा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक को भी जब्त कर लिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। आरजेडी ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के सौतेले बेटे और संतोष सुमन के भाई पर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। आरजेडी का दावा है कि जीतन मांझी ने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन दरभंगा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस राजनीतिक दावे को पुलिस की कार्रवाई और दर्ज एफआईआर के तथ्यों से अलग रखकर देखा जाना चाहिए। मामले में पुलिस की जांच जारी है।