पटना:
बिहार में डेंगू का प्रकोप (dengue outbreak) बढ़ता जा रहा है। भारी बारिश के बाद संक्रामक रोगों और डेंगू का प्रकोप अब राज्य में डराने लगा है। बारिश के मौसम में डेंगू (Dengue), टाईफाइड(Typhoid) और वायरल फीवर (Viral Fever) के साथ-साथ कोरोना के कारण भी लोगों को बुखार हो रहा है। 1 महीने के भीतर राज्य में करीब 667 मरीज सामने आ चुके हैं। अगर बुखार 2 दिनों से ज्यादा रहे तो जांच जरूर कराएं।

प्राइवेट अस्पताल में गंभीर मरीज भर्ती
राज्य में प्राइवेट अस्पताल में वर्तमान में गंभीर मरीज भर्ती हैं। यहां ब्लड में प्लेटलेट्स की कमी के कारण कुछ ऐसे भी मरीज हैं जो मल्टीपल आर्गन फेल्योर, हेमरेजिक डेंगू की स्थिति में पहुंच रहे हैं। डेंगू के ऐसे मरीजों में शाक सिंड्रोम की स्थिति सामने आई है। सूत्रों की मानें तो निजी और सरकारी अस्पतालों के आंकड़ों को देखा जाए तो प्रतिदिन 130 से 150 के करीब मरीज सामने आ रहे हैं। कुछ निजी अस्पतालों में 2-3 मरीजों की मौत भी हो चुकी है, लेकिन सरकारी आंकड़ों में इसे दर्ज नहीं किया गया है।
एंटीबायोटिक और दर्द निवारक दवाइयों का इस्तमाल न करें
डॉक्टर ने बताया कि गलत एंटीबायोटिक और दर्द निवारक दवाइयों के इस्तेमाल से प्लेटलेट्स अचानक गिर सकता है और मरीज कई परेशानियों से घिर सकता है। डेंगू में यदि नाक, मसूड़ों अथवा शौच के दौरान खून आने लगे, पेट में दर्द हो तो तत्काल अस्पताल में भर्ती हो जाना चाहिए। डॉक्टर ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए मच्छरों से बचना जरूरी है। साफ जमे पानी में पनपने वाला इजिप्टी एडीज मच्छर सुबह और शाम के समय ज्यादा काटते हैं। ऐसे में घरों में मच्छर रोधी क्वायल, रिप्लेंट, स्प्रे के प्रयोग के साथ घरों में मच्छरदानी लगाकर ही सोना चाहिए।

इन इलाकों में पसार चुका पैर
इधर, तमाम निजी अस्पतालों व पैथालाजी केंद्रों से डेंगू, मलेरिया की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग तक नहीं पहुंच रही है। बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। जिस घर से मरीज मिल रहे हैं, उन घरों में लार्वा की जांच तक नहीं की गयी है। राजधानी के पटना सिटी से लेकर दानापुर-फुलवारीशरीफ, दीघा और जक्कनपुर-खेमनीचक में डेंगू का प्रकोप ज्यादा हैं. बांकीपुर अंचल का तो कोई भी हिस्सा इसके प्रकोप से अछूता नहीं बचा है। कंकड़बाग, पटना सिटी, राजेंद्रनगर, दीघा, इंद्रपुरी, पुनाईचक, राजेंद्रनगर, महेंद्रू, भिखना पहाड़़ी, जीएम रोड, नया टोला, कदमकुआं, चित्रगुप्त नगर, भागवत नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, सरिस्ताबाद, बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी, भूतनाथ रोड, रामनगरी, शास्त्रीनगर, पटेलनगर, राजा बाजार, बुद्धा कॉलोनी समेत तीन दर्जन से अधिक मोहल्लों में डेंगू का प्रकोप फैला है।