द फॉलोअप डेस्क:
कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) की भगवान श्रीकृष्ण (Krishna) को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मामले में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) भी सामने आए हैं। मंगलवार, 3 नवंबर को पप्पू यादव दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले में मानहानि की कार्रवाई की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कुछ टिप्पणियां की थीं। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा, बांसुरी बजाने के अंदाज और वृंदावन का जिक्र किया था। वहीं, भगवान श्रीराम की सीधी मुद्रा और उनके धनुष का उल्लेख करते हुए तुलना की थी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कृष्ण भक्तों और संत समाज के कई लोगों ने आपत्ति जताई।
विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी बातों को संदर्भ से अलग करके देखा जा रहा है। उनका उद्देश्य भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बीच कोई भेद पैदा करना या किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने खुद को भगवान श्रीकृष्ण और ब्रज का भक्त बताते हुए कहा कि यदि उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं।

पप्पू यादव ने की कार्रवाई की मांग
हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री की सफाई और माफी के बाद भी विवाद जारी है। पप्पू यादव ने थाने में शिकायत देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक हैं। उनकी गरिमा और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए।