पटना
बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार यात्रा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “राहुल गांधी जिस राज्य में कदम रखते हैं, वहाँ कांग्रेस की दुर्गति तय होती है। बिहार की जनता अब उनके दिखावे और नौटंकी को अच्छी तरह समझ चुकी है। यहां कांग्रेस को अब मोक्ष की प्राप्ति निश्चित है।” डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार की जनता उन दिनों को नहीं भूली है जब कांग्रेस के शासन में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध अपने चरम पर था। आज वही कांग्रेस, जिसे जनता बार-बार नकार चुकी है, एक बार फिर दिखावे की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी की यात्राएं केवल मीडिया में खुद को प्रासंगिक बनाए रखने की असफल कोशिश होती हैं।
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी के पास ना तो कोई ठोस नीति है, ना कोई स्पष्ट विजन। उनके भाषणों में केवल नकारात्मकता, झूठे आरोप और पुरानी बातें होती हैं। उन्होंने कभी भी बिहार की असली समस्याओं को समझने की कोशिश नहीं की।"
डॉ. जायसवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई गाथा लिखी है। गरीबों को छत, शौचालय, गैस सिलेंडर, मुफ्त राशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर मिले हैं। ऐसे में राहुल गांधी की यात्रा का कोई औचित्य नहीं रह जाता। प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के दोहरे चरित्र को जनता के बीच लेकर जाएगा। जिन लोगों ने दशकों तक बिहार को पिछड़ेपन की ओर ढकेला, उन्हें अब बिहार की राजनीति में कोई जगह नहीं मिलेगी। “बिहार से कांग्रेस को अब मोक्ष की प्राप्ति तय है। जनता का आशीर्वाद भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ है।