द फॉलोअप डेस्क
डीएम जी कृष्णैया के हत्या केस में उम्रकैद की सजा काट रहे आनंद मोहन को आज सुबह जेल से रिहा कर दिया गया। उनकी रिहाई को लेकर सियासत गर्मा गई है। वहीं डीएम जी कृष्णैया का परिवार से सरकार के इस फैसले से बेहद दुखी है। जी कृष्णैया के परिवार की रिहाई पर पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। डीएम की पत्नी उमा देवी ने राष्ट्रपति और पीएम से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।

आनंद मोहन की रिहाई से अधिकारियों का मनोबल टूटेगा
जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी ने कहा है कि "मैं राष्ट्रपति और पीएम से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करती हूं। सीएम नीतीश कुमार से (आनंद मोहन) वापस जेल भेजने की अपील करती हूं।" उमा देवी ने बताया कि आनंद मोहन की रिहाई पर जनता विरोध कर रही है। इसके बाद भी उनकी रिहाई कर दी गई। कानून के तहत वह जेल में गए थे तो फिर कानून के तहत बाहर कैसे हो गए? पॉलिटिकल इश्यू के कारण उन्हें बाहर किया गया है। बिहार की जनता से अनुरोध करते हुए उमा देवी ने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति को कभी वोट न दें अगर चुनाव में ये खड़े होते हैं। उमा देवी ने यह भी कहा कि अधिकारियों का आनंद मोहन की रिहाई से मनोबल टूटेगा। किसी भी अधिकारी का मन काम करने में नहीं लगेगा।

दोबारा विचार करें नीतीश
आनंद मोहन की रिहाई पर जी कृष्णैया की बेटी ने कहा कि जेल से छूटना हमारे लिए बहुत दुख की बात है। सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। अनुरोध करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि वह इस फैसले पर दोबारा विचार करें। इस फैसले से उनकी सरकार ने एक गलत मिसाल कायम की है। यह सिर्फ एक परिवार के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के लिए अन्याय है। हम इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT