logo

अजब अस्पताल के गजब डॉक्टर, ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में छोड़ा स्पंज

a492.jpeg

द फॉलोअप डेस्क: 

बिहार के हाजीपुर सदर अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में स्पॉंज छोड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। बता दें कि 14 जुलाई को ही महिला प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी। आरोप है कि डॉक्टर ने लापरवाही बरती और ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में स्पॉंज छोड़ दिया। उक्त घटना के बाद महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले की शिकायत सिविल सर्जन से की गई है। 

हाजीपुर सदर अस्पताल में लापरवाही का मामला
महिला ने बताया कि वह प्रसव के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती हुई थी। अस्पताल के 3-4 दिन बाद ही पेट में दर्द रहने लगा। कई जगह इलाज कराया लेकिन राहत नहीं मिली। महिला का कहना है कि मैं निजी नर्सिंग होम पहुंची और वहां अल्ट्रासाउंड से पता चला कि पेट में स्पंज है। 

महिला के पति ने सिविल सर्जन से की शिकायत
मिली जानकारी के मुताबिक महिला के पति ने सिविल सर्जन से शिकायत कर डॉक्टर की लापरवाही की बात बताई। सिविल सर्जन ने मामले का संज्ञान लेते हुए महिला को दोबारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सिविल सर्जन ने भरोसा दिया है कि छोटा सा ऑपरेशन कर मरीज के पेट में छूटा स्पंज निकाला जाएगा। 

चिकित्सकों द्वारा लापरवाही का यह पहला मामला नहीं
बता दें कि चिकित्सकों द्वारा लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है। पहले भी कई बार ऐसे मामले आए हैं और कई बार तो मरीजों को जान गंवानी पड़ी है। अभी हाल ही में देवघर के मधुपुर जिले में एक निजी हॉस्पिटल में पित्त की नली में पथरी का ऑपरेशन करते समय चिकित्सकों की गलती से 23 वर्षीय युवती की जान चली गई थी। चिकित्सकों को और अधिक संवेदनशील होने की जरूरत है।