मुजफ्फरपुर :
बिहार के मुजफ्फरपुर SKMCH ( SKMCH Muzaffarpur) से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां AC खराब होने पर महिला चिकित्सक ने मरीज को देखने से मना कर दिया। इलाज रूकने के कारण मरीजों की लाइन लंबी होने लगी। मरीज महिला चिकित्सक से इलाज करने के लिए गुहार लगाते रहे लेकिन डॉक्टर सहिबा फोन पर लगी रही। इस पूरी घटना का विडियो सोशल मीडिया (Viral Video) पर वायरल हो रहा है।

एसी खराब होने से डॉक्टर ने मरीजों को नहीं देखा
धरती पर डॉक्टर को भगवान के रूप में देखा जाता है। लेकिन इस घटना के बाद लोगों का ये विश्वास थोड़ा डगमगाता नजर आ रहा है। महिला डॉक्टर ने केवल चेंबर का एसी खराब होने से मरीजों को नहीं देखा। मरीजों को देखने से इंकार करने पर नाराज मरीज और उनके परिजनों ने जमकर हंगामा किया। हंगामें की आवाज सुन वहां सुरक्षा गार्ड पहुंचे। गार्ड ने मरीज और उनके परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। इस बीच महिला डॉक्टर चेंबर छोड़कर भी निकल गईं। मरीजों ने उन्हें रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुकीं और न ही अपना पक्ष मीडिया को बताया।

मामले में स्पष्टीकरण लिया जाएगा
इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंच गई। एसकेएमसीएच (SKMCH) के प्रभारी सुपरिंटेंडेंट डॉ एसके शर्मा ने बताया कि फिलहाल एसी ठीक करने के लिए कह दिया गया है, लेकिन यह गलत है कि एसी की वजह से किसी मरीज का इलाज रोका गया। इसको लेकर उक्त महिला चिकित्सक से बात की जाएगी और मामले में स्पष्टीकरण लिया जाएगा।