पटना:
राजधानी पटना (Patna) के सिटी इलाके में बेखौफ अपराधियों ने एक दंपत्ति की गोली मार कर हत्या कर दी। अपराधियों ने शुक्रवार की देर रात घर में घुसकर पति-पत्नी को गोलियों से भून डाला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घर में मौजूद 2 नाबालिग बच्चे गोली लगने से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस (Patna Police) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए पटना के PMCH में भर्ती कराया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। इस वारदात के बाद लोगों में काफी गुस्सा है। पुलिस आगे की कार्रवाई और छानबीन में जुटी है।

जमीनी विवाद को लेकर डबल मर्डर
मामला पटना सिटी के खुसरूपुर का है। मृतक की पहचान खुसरूपुर थानाक्षेत्र के मंसूरपुर लोदीपुर गांव निवासी अरुण सिंह और उनकी पत्नी मंजू देवी के रूप में हुई है। गोलीबारी में अरुण सिंह के 2 बेटे सुधीर कुमार और गोलू घायल हो गये हैं। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना से गुस्साए लोगों ने पटना-बख्तियारपुर हाइवे NH -30 को जाम कर दिया है और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

पुलिस ने दर्जनों खोखा किया बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय. पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है। वारदात के बाद से आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस ने दर्जनों खोखे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।