logo

नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान CM नीतीश ने मंच से मंत्री विजय चौधरी को हाथ पकड़कर हटाया, लोग रह गए हैरान

नीतीश1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बापू सभागार में आयोजित एक समारोह के दौरान नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान उस समय एक अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद अपने करीबी वरिष्ठ मंत्री विजय चौधरी को हाथ पकड़कर हटाया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

दरअसल, मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के बाद विजय चौधरी नवनियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। तभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक उनकी ओर मुड़े और बोले, "ये-ये..." कहते हुए उन्होंने विजय चौधरी का हाथ पकड़ लिया और उन्हें हटने का इशारा किया। मंत्री विजय चौधरी इस स्थिति से थोड़े असमंजस में नजर आए लेकिन मुस्कुराते हुए मंच से हट गए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव को उनके स्थान पर खड़ा किया, जिन्होंने आगे की नियुक्ति प्रक्रिया को संभाला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल में खाली पदों को शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस में अब कुल 2 लाख 29 हजार पद सृजित किए गए हैं और आवश्यकता पड़ने पर और भी नियुक्तियां की जाएंगी। मंच पर मौजूद मुख्य सचिव, गृह विभाग के प्रधान सचिव, डीजीपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा, "बताइए, खाली पदों पर जल्दी बहाली करेंगे न?" उन्होंने अधिकारियों को खड़े होकर जवाब देने के लिए भी कहा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शासन के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वे 24 नवंबर 2005 को सत्ता में आए, तब राज्य में केवल 42,481 पुलिसकर्मी थे। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी कम संख्या में पुलिसकर्मी क्यों थे? इसके बाद सरकार ने पुलिस बल की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया।
नीतीश कुमार ने बताया कि 2013 में एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया था, जिसके तहत पुलिस में 35% आरक्षण महिलाओं के लिए तय किया गया। इसके बाद पुलिस बल की संख्या बढ़कर 1 लाख 10 हजार हुई। अब सरकार का लक्ष्य 2 लाख 29 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती का है, जिसमें से अभी 55 हजार पदों पर बहाली की प्रक्रिया बाकी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष पदों पर बहाली की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि 21 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और शेष प्रक्रिया इसी महीने समाप्त कर दी जाए तो यह राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश के किसी भी राज्य में बिहार जितनी संख्या में महिला पुलिसकर्मी नहीं हैं।


 

Tags - NitishKumar BiharNews BreakingNews BiharUpdate PoliticalNews PoliceRecruitment BiharPolice NiyuktiPatra NayiBhartee CMEventPatna BapuSabhagar VijayChaudhary StageDrama PoliticalGesture UnexpectedMoment