पटना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने आज मधेपुरा में लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि NDA की सरकार केंद्र की हो या प्रदेश की, बिहार को समृद्धि के नए मार्ग पर ले जाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए ही केंद्रीय बजट में बिहार के किसानों, छात्रों, महिलाओं और आम लोगों सहित आधारभूत संरचनाओं के लिए कई सौगात दी गई है। NDA घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने आज मधेपुरा के बी एन मंडल स्टेडियम में NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए प्रदेश में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया। सम्मेलन में NDA के दलों ने अपने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश भी दिया। इस NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से भाग लिया और सभी कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
सम्मेलन में आए NDA कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि NDA कार्यकर्ताओं की निष्ठा ही हमारे लिए प्रकाश स्तंभ है। आप सभी कार्यकर्ताओं के प्रकाशपुंज की रोशनी से NDA की चमक बरकरार है। उन्होंने कहा कि आज आप सभी के निष्ठा से NDA को सफलता मिल रही है।
उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि हमारी राजनीति जहां जनसेवा की रही है, वहीं विपक्ष की राजनीति निज स्वार्थपूर्ति के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने बिना किसी के नाम लिए हुए राजद को लेकर कहा कि एक पार्टी के अध्यक्ष तो अपने पुत्र को मुख्यमंत्री बनाने के लिए व्यग्र हैं। उन्हें मालूम नहीं कि जनता जिसे पसंद करती है, उसी को मुख्यमंत्री भी चुनती है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रत्येक परिवार से संवाद स्थापित करें। इस संवाद से उनकी समस्याओं को जानने का अवसर मिलेगा और उसका समाधान भी होगा। इससे जनता का स्नेह भी मिलता रहेगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार में जिस तरह से डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, उससे वह दिन दूर नहीं जब बिहार उन्नति के शिखर पर होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वहीं उनकी प्राथमिकता में बिहार पहले नंबर पर है।
इधर, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि NDA के घटक दलों के नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं का जुटान इस स्टेडियम में हुआ है। लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि आने वाला चुनाव बेहद खास है और आज से ही हमें उसकी तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह युवा कार्यकर्ता यहां जुटे हैं और उत्साहित हैं, उससे यह साफ है कि विपक्ष को इस बार खाता खोलना भी मुश्किल हो जाएगा। कार्यकर्ता सम्मेलन में हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उमड़ा यह जनसैलाब आने वाले विधानसभा की वह आहट है जिसमें हमारी एकजुटता एक है और संकल्प साफ है। हम 225 सीट जीतकर नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाएंगे।