सीवान:
बिहार (Bihar) में अपराधी इतने बेखौफ हो गए है कि अब उन्हें पुलिस (Bihar Police) से भी डर नहीं लगता। बुधवार अहले सुबह को सीवान में अपराधियों ने गश्ती करने आए पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया। आपराधियों ने पुलिस की गाड़ी पर ताबातोड़ फायरिंग की जिससे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई वहीं 1 ग्रामीण घायल हो गया। घायल ग्रामीण का इलाज सीवान सदर अस्पताल (Siwan Sadar Hospital) में चल रहा है। ग्रामीण की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

गोली लगने से एक सिपाही की मौत
घटना सिवान थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव की है। बुधवार को सुबह-सुबह पुलिस टीम पर बदमाशों की अंधाधुन फायरिंग के बाद सिवान दहल गया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई वहीं फायरिंग होता देख अपने घर की खिड़की से झांक रहे एक ग्रामीण को भी गोली गई जिससे वह बुरी तरीके से घायल हो गया। मृत सिपाही का नाम बाल्मीकि यादव और घायल ग्रामीण का नाम सिराजुद्दीन खान हैं। मृत सिपाही सिसवन पुलिस स्टेशन में सिपाही के पद पर तैनात था। मृतक सिपाही की पहचान पटना जिले के मसौढ़ी निवासी रामाशीष प्रसाद का 39 वर्षीय पुत्र बाल्मीकि यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल व्यक्ति ग्यासपुर गांव निवासी अब्दुल हमीद खान का 55 वर्षीय पुत्र सिराजुद्दीन खान के रूप में हुई है।

सड़क के किनारे खाट पर बैठे संदिग्ध थे अपराधी
सीवान थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्ती के लिए निकली हुई थी। इस दौरान गश्ती टीम ग्यासपुर के पास पहुंची जहां तीन-चार की संख्या में सड़क के किनारे खाट पर बैठे संदिग्ध लोगों से पूछताछ के लिए गाड़ी रोकी गई। पुलिस की गाड़ी रूकती देख सभी भागने लगे। पुलिस गश्ती दल भी उनके पीछे भागा। इतने में अपराधियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक सिपाही की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं अपने घर के दरवाजे के बाहर सोया रहा हमीन खान ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो वहां बाहर देखने आया। इतने में एक गोली उसे भी लग गयी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।