द फॉलोअप डेस्क
बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार बढ़ता जा रहा है। अभी ताजा मामला सहरसा से सामने आया है, जहां बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र को गोली मार दी। घटना सिमराहा बायपास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी लूटपाट के उद्देश्य से घर में घुसे थे। लेकिन जब घरवालों ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उनपर फायरिंग कर दी।
इस वारदात में घायल पिता-पुत्र का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, इस तरह की घटना को अंजाम देना, पुलिस को खुली चुनौती देना है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
लूटपाट का विरोध करने पर मारी गोली
घटना के संबंध में घायल बेटे सुंदर कुमार ने जानकारी दी कि वारदात के समय सुंदर, उसके पिता छोटे लाल यादव और बहन खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। मां मायके में हैं। इसी बीच रात करीब 100 बजे किसी ने उनका दरवाजा खटखटाया। इस पर बहन ने उसे आवाज लगाई। उसने उठकर गेट खोला, तो 4 अपराधी लूटपाट करने के लिए जबरन घर में घुस गए। इस दौरान आवाज सुनकर पिता भी बाहर आ चुके थे। जब दोनों पिता-पुत्र ने लूटपाट का विरोध किया तो बाहर खड़े 2 अपराधियों ने उनपर गोली चला दी। इसमें एक गोली पिता के पैर में लगी और दूसरी गोली बेटे के सीने में जा लगी। फायरिंग के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
पुलिस कर रही छानबीन
वहीं, मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इस पर सदर SDPO आलोक कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि अपराधी लूटपाट के लिए आए थे या फिर कोई और विवाद था। हालांकि, घर में लूट नहीं हुई है। पुलिस छानबीन कर रही है। ऐस में जांच के बाद ही पता चल पाएगा की वारदात का असल कारण क्या है।
