logo

बिहार : महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी में नहीं पहन सकेंगी नथिया और टिकली, मोबाइल चलाने पर भी होगी कार्रवाई

bihar_policeeee.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों को अब अनुशासन में रहने के साथ ही आम जनता से मर्यादापूर्ण व्यवहार करने की भी हिदायत दे दी है। इसे लेकर मुख्यालय स्तर पर सभी क्षेत्रीय पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी किया गया है। जनता से मिले फीडबैक के आधार पर मुख्यालय ने महिलाओं पुलिसकर्मियों के लिए निर्देश जारी किए हैं। इस आदेश में पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के दौरान शृंगार सामग्री पहनने पर रोक लगा दी है। अपर पुलिस महानिदेशक ने जारी निर्देश पत्र में कहा कि महिला पुलिसकर्मी के झुमका, नथिया, चूड़ी, कंगन, मंगलसूत्र या अन्य भड़कीले जेवरात ड्यूटी के दौरान वर्दी के ऊपर नहीं दिखने चाहिए। 
इस नियम के बाद पुलिस की आम जनता के मन में बन रही खराब छवि पर रोक लग सकेगी। वहीं पुलिसकर्मियों को भी पूर्ण यूनिफॉर्म में रहने की चेतावनी दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने को लेकर भी सख्त निदेश दिए हैं। ड्यूटी के दौरान लगातार मोबाइल में डूबे रहने वाले को भी गंभीर दोषी माना जाएगा। पुलिस अधीक्षकों को यह आदेश दिया गया है कि वे इस तरह के पुलिसकर्मियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू करें। 
मुख्यालय ने निर्देश दिए है कि आम जनता के द्वारा मिली शिकायतों, पुलिस वाहनों में सोये पुलिसकर्मियों के ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने सरकारी नंबर पर चालू वाट्सएप पर लगाई गई तस्वीर को लेकर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिसकर्मियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे परिवार या कोई सांकेतिक फोटो की जगह अपनी वर्दी के साथ वाली तस्वीर लगाएं। इससे आम जन को मोबाइल को लेकर कोई भ्रम नहीं होगा। सभी पुलिस अधीक्षकों से इस नियम को कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है। बिहार ADG पंकज दराद ने कहा कि सभी पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों को इस ड्रेस कोड कन्डक्ट को सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि पालन नहीं हुआ तो इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

Tags - bihar news bihar latest news bihar update bihar trending news bihar khabar bihar police Bihar Police Headquarter Bihar Police Headquarter order