द फॉलोअप डेस्क
पटना एयरपोर्ट की एक पुरानी बिल्डिंग में आज आग लग गई। जिसके बाद घटना की जानकारी तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार किसी चीज के हताहत होने की खबर नहीं है। यह घटना सुबह के लगभग 9:15 बजे की बताई जा रही है। 
मिली जानकारी के मुताबिक पटना एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल भवन को तोड़ा जा रहा है। जहां गैस कटर से कटाई का काम किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि गैस कटर से निकली चिंगारी के कारण वहाँ मौजूद ज्वलनशील सामग्री ने आग पकड़ लिया। जिसके बाद कर्मचारियों के बीच अफरा तफरी मच गई। लेकिन समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया। 
उसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के काम में जुट गई। बताया जा रहा है कि आग केवल सीमित हिस्से में लगी थी जिससे आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह आग पुरानी बिल्डिंग में लगी थी जो कि वर्तमान में बंद था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में फिर ऐसी कोई घटना न हो।